पिपरी कोतवाली के कादिलपुर बाजार के पास पति के साथ बाइक से प्रयागराज जा रही एक विवाहिता के गले से बाइक सवार बदमाश मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई वारदात से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से बाइक सवार बदमाशों का पीछा किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। तहरीर पर पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
उमरवल निवासी धर्मेंद्र कुमार गुप्ता शनिवार की दोपहर पत्नी अनीता को लेकर बाइक से प्रयागराज जा रहा था। बाइक सवार दंपती जैसे ही कादिलपुर बाजार स्थित बीबीएस कॉलेज के पास पहुंचे तभी पीछे से ओवरटेक कर आए बाइक सवार बदमाश ने अनीता के गले से मंगलसूत्र छीन लिया।
इसके बाद लुटेरा बाइक समेत फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना के बाद पहुंची डायल 112 पुलिस ने लोगों की मदद से बाइक सवार बदमाश का पीछा किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। कोतवाली पहुंचकर पीड़ित दंपती ने घटना की तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस बाइक सवार बदमाश की तलाश में जुट गई है।