मंझनपुर। सरकारी सस्ते गल्ले के दुकानदार अब गरीबों के निवाले पर डाका नहीं डाल सकेंगे। महीने में कितना राशन और केरोसिन का उठान किया गया, ग्रामीण एसएमएस के जरिए सूचना प्राप्त कर सकते है। कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य एवं रसद विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। डीएसओ ने बताया कि कार्डधारक कार्यालय में अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड करा सकते हैं।
खाद्य एवं रसद विभाग ने कार्डधारकों की आए दिन मिलने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्यान्न की कालाबाजारी रोकने की कवायद शुरू कर दी है। किस दुकानदार को किस महीने में कितनी केरोसिन और खाद्यान्न का एलाटमेंट (उठान) किया गया। इसकी जानकारी एसएमएस से कार्डधारक प्राप्त कर सकते है। जिला पूर्ति अधिकारी अखिल सिंह ने बताया कि सूचना प्राप्त करने के लिए संबंधित व्यक्ति को अपना मोबाइल नंबर और नाम रजिस्टर्ड कराना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद एसएमएस करते ही उपभोक्ता को दुकानदार के एलाटमेंट की सूचना उपलब्ध करा दी जाएगी। ऐसे में कोटेदार कार्डधारकों के साथ मनमानी नहीं कर सकेंगे।
गरीबाें के घर नहीं रहेगा अंधेरा
मंझनपुर(ब्यूरो)। मिट्टी के तेल में की गई कटौती से गरीबों के घर अंधेरा नहीं रहेगा। जिला पूर्ति अधिकारी अखिल सिंह ने बताया कि जिले की सरकारी दुकानों का अब तक 852 हजार लीटर मिट्टी के तेल का उठान होता है। इसमें से 48 हजार लीटर प्रतिमाह कटौती की गई है। बताया इस कटौती का थोड़ा-थोड़ा असर बड़े दुकानदारों को पड़ेगा। प्रति दुकान 25 से 75 लीटर की कमी आएगी। ऐसे में दुकानदार कार्डधारकों को मानक के अनुरूप केरोसिन का वितरण करेंगे। कार्डधारकों से अधिक कटौती किए जाने पर जांच कर दोषी दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।