आराम फरमाने वाले दरोगाओं और सिपाहियों की अब खैर नहीं है। बुधवार रात पुलिस अधीक्षक ने रात गश्त की हकीकत खंगालते हुए चौकी प्रभारी मूरतगंज, नाइट अफसर चरवा के साथ एक चालक को लाइन हाजिर कर दिया। रात्रि गश्त के बजाय यह सभी सो रहे थे। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। हिदायत दी है कि यदि पुलिसिंग में लापरवाही मिली तो जिम्मेदार खैर न समझें।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने बुधवार रात अचानक रात गश्त की हकीकत खंगालने निकले। कोखराज के मूरतगंज चौकी पहुंचे और प्रभारी का लोकेशन लिया तो वह कमरे में आराम फरमा रहे थे। वाहन चालक पेट्रोल पंप के समीप गाड़ी खड़ी करके सीट पर सो रहा था। गश्त में लापरवाही पाए जाने पर एसपी ने दरोगा हेमंत मिश्रा और चालक सिपाही सुरेश कुमार को फौरन लाइन हाजिर कर दिया। यहां के बाद वह चरवा थाने पहुंचे। वहां देखा कि पुलिस का वाहन थाने में खड़ा है। इस दौरान नाइट अफसर की बाबत पूछताछ की तो पता चला वह ड्यूटी के लिए निकल रहे हैं। इस पर उन्होंने नाइट अफसर रहे उपनिरीक्षक अमित कुमार को भी लाइन का रास्ता दिखाया। पुलिस कप्तान की इस कार्रवाई से दिन भर पुलिस महकमें में हड़कंप मचा रहा।
एसके तिवारी बने चौकी प्रभारी मूरतगंज
पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार गुप्ता ने कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने के लिए तीन उप निरीक्षकों के कार्य क्षेत्र में बदलाव किया है। पीआरओ रहे शिवाकांत तिवारी को चौकी प्रभारी मूरतगंज बनाया है। वहीं सरायअकिल के उपनिरीक्षक सुरेन्द्र यादव को पीआरओ और करारी थाने से श्याम बिहारी मिश्र को थाना सरायअकिल भेजा है। पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई से महक मे में हड़कंप मचा है।