मंझनपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के पल्टीपुर गांव में रविवार शाम बगैर इजाजत के नौटंकी कराई गई। इसकी जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यक्रम बंद करा दिया। मामले में छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पल्टीपुर गांव में होली के त्योहार के बाद शनिवार शाम नौटंकी का आयोजन किया गया था। आयोजकों ने बकायदा इसके लिए पूरे गांव से चंदा इकट्ठा किया था। कार्यक्रम के दौरान किसी ने अनुमति नहीं होने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोखराज इंस्पेक्टर आरके शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नौटंकी बंद कराते हुए कलाकारों को घर भेज दिया। आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में गांव के घनश्याम पटेल, विजय पटेल, बड़े पटेल, दीपक सोनकर, मानसिंह व उदय सिंह आदि के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।