पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर से चोरों ने शनिवार रात मूर्ति में जड़ी चांदी की आंखें और सिर पर सजे चांदी के मुकुट को पार कर दिया। घटना से लोगों में रोष है। वहीं, पुलिस जल्द चोरों को पकड़ने का दावा कर रही है।
पूरबशरीरा में बस्ती के बीच प्राचीन शिव मंदिर है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात में चोरों ने मंदिर में स्थापित पार्वती जी की मूर्ति में जड़ी चांदी की दोनों आंखें और भगवान शंकर के सिर पर सजे चांदी के मुकुट को पार कर दिया।
सुबह पूजा के लिए श्रद्धालुओं के आने पर गर्भगृह में रखी मूर्तियों से चोरी की हुई। चोरी सूचना मिलते ही लोग मंदिर में जुट गए और विरोध जताने लगे। लोगों ने पुलिस पर रात्रि गश्त नहीं करने समेत सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया। साथ ही मंदिर के आवास और अन्य स्थानों पर सीसीटीवी लगवाने की मांग की है। थाना प्रभारी हरीश तिवारी ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।