आदेश के बाद भी नहीं खुल रहीं कृषि यंत्रों की दुकानें
गेहूं की मड़ाई के दौरान थ्रेशर और ट्रैक्टर में खराबी आने पर हो सकती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। दोआबा के किसान कृषि यंत्रों की दुकान बंद होने से परेशान हैं। शासन के आदेश के बावजूद ज्यादातर कारोबारी दुकान नहीं खोल रहे हैं। ऐसे में खासकर थ्रेसर अथवा ट्रैक्टर में कोई खराबी आ जाए तो उसे सही कराना किसानों के लिए आसमान से तारे तोड़ने सरीखा होता है।
जिले की ज्यादातर आबादी खेती पर निर्भर है। जिनके पास खेत है वह तो खेती करते ही हैं, जिनके पास नहीं है वह दूसरों का खेत बटाई पर लेकर कृषि करते हैं। शासन ने लॉकलाउन के दौरान किसानों की समस्या को देखते हुए खाद, बीज व कृषि यंत्रों की दुकान खोलने का निर्देश दे रखा है। जिले में प्रचार-प्रसार के अभाव में ज्यादातर दुकानदारों को इसकी जानकारी ही नहीं है। वह लॉकडाउन के चलते अपने प्रतिष्ठान नहीं खोल रहे हैं। इससे सबसे ज्यादा परेशानी थ्रेसिंग कर रहे किसानों को हो रही है। ट्रैक्टर या थ्रेसर में अगर कोई खराबी आ जाए तो उसे सही कराने के लिए किसानों को काफी परेशान होना पड़ रहा है। सिराथू विकास खंड के निजामपुर नौगीरा निवासी किसान अनुराग का कहना है शनिवार रात थ्रेसिंग के दौरान ट्रैक्टर का हाउज पाइप फट गया। नजदीकी बाजार मंझनपुर में एक भी कृषि यंत्र की दुकान खुली नहीं होने के कारण पाइप नहीं मिल सका। रविवार को इसी वजह से गेहूं की मड़ाई नहीं हो सकी। एक ट्रैक्टर एजेंसी में संपर्क करने पर उसने सोमवार को पाइप देने की बात कही है। हिसामपुर बहरेमऊ के सुमन यादव भी इसी तरह की समस्या से परेशान थे। सुमन को थ्रेसर का क्रास व ककई लगवाने के लिए काफी परेशान होना पड़ा। बाद में तन्नापर निवासी एक मैकेनिक ने अपने घर में थ्रेसर की मरम्मत की। कमोवेश यहीं हालत अन्य किसानों की है। इन दिनों थ्रेसिंग का काम जोरों पर है। किसान अपने ट्रैक्टर की सर्विस कराना चाहते हैं। सर्विस सेंटर बंद होने के कारण उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। खाद और बीज की फिलहाल किसानों को अभी ज्यादा जरूरत नहीं है। इस बाबत जिला कृषि अधिकारी मनोज गौतम का कहना है जिले में इस बार बाहर से कोई हार्वेस्टर नहीं आया है। अगर आया होता तो उसे पास बनवाना पड़ता। किसान सामाजिक दूरी बनाकर किसानी का काम कर सकते हैं। खाद-बीज व कृषि यंत्रों की दुकान खोलने पर पाबंदी नहीं है। कारोबारी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर अपने प्रतिष्ठान खोल सकते हैं। किसानों को भी सामाजिक दूरी बनाकर कृषि कार्य करने के लिए कहा गया है।
---
खरीद और बिक्री के लिए पास जरूरी
मंझनपुर। जिला कृषि अधिकारी मनोज गौतम का कहना है अगर कोई कारोबारी बाहर से माल मंगवाता है या फिर अपने यहां का सामान अन्य जनपद में बेचने जाता है तो उसे पास बनवाना होगा। जिले में प्रतिष्ठान खोलकर बिक्री पर किसी तरह के पास की जरूरत नहीं है।