शिक्षामित्र की शिकायत पर विद्यालय में जांच करते बीईओ कड़ा नीरज उमराव।
कड़ा ब्लॉक के एक कंपोजिट विद्यालय में शिक्षामित्र काफी दिनों से छात्राओं को बैड टच कर रहा था। बुधवार को इसकी जानकारी होने पर अभिभावकों ने स्कूल पहुंच जमकर हंगामा किया। हालांकि, इस दौरान आरोपी शिक्षामित्र मौके पर नहीं मिला। सूचना के बाद पुलिस के साथ पहुंचे बीईओ ने समझा कर अभिभावकों को शांत कराया। एक छात्रा के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी शिक्षामित्र की तलाश में जुट गई है।
विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा चार, पांच व छह की कई छात्राओं ने बताया कि उनके साथ शिक्षामित्र गलत हरकत सालों से कर रहा है। नासमझी के कारण उन्हें शिक्षामित्र की मंशा का अहसास नहीं हुआ। धीरे-धीरे बड़े होने के साथ ही शारीरिक उत्पीड़न बढ़ने पर मंगलवार को छात्राओं ने स्कूल की शिक्षिकाओं के साथ ही घर जाकर इसकी जानकारी परिजनों को भी दी। इससे नाराज अभिभावकों ने बुधवार सुबह स्कूल पहुंचकर हंगामा कर दिया। अभिभावकों का आक्रोश देख शिक्षामित्र मौका पाकर भाग निकला। सूचना के बाद बीईओ कड़ा नीरज उमराव, सैनी कोतवाली के अतिरिक्त निरीक्षक कृष्ण कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर अभिभावकों को शांत कराया। कोतवाल जयचंद्र शर्मा ने बताया कि एक छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी राजेश सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
-
तीन सदस्यीय समिति को सौंपी गई जांच
बीईओ कड़ा नीरज कुमार की रिपोर्ट पर आरोपी शिक्षामित्र को कौशाम्बी ब्लॉक संसाधन केंद्र से संबद्ध कर दिया गया है। आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है। कमेटी में शामिल बीईओ मूरतगंज प्रज्ञा सिंह, बीईओ चायल हिना सिद्दीकी और बीईओ मुख्यालय प्रमोद गुप्ता को 15 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट आने पर ग्राम शिक्षा समिति के प्रस्ताव पर आरोपी शिक्षामित्र की सेवा समाप्ति की प्रक्रिया की जाएगी।
-कमलेंद्र कुमार कुशवाहा-बीएसए