भैला मकदूमपुर गांव में शनिवार सुबह पिकअप की चपेट में आने से सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बच्ची परिजनों के साथ शादी के चौथी के कार्यक्रम में शामिल होने जानी रही थी।
भैला मकदूमपुर गांव निवासी सुनील सरोज पुत्र रामविशाल सरोज की पत्नी अपनी दो बेटियों रिया (7) और रियांशी (5) के साथ रहती थीं। परिवार में सात मई को सुनील के भाई गोपाल सरोज की बेटी की शादी संपन्न हुई थी। शादी के बाद शनिवार सुबह परिवार की महिलाएं गांव के बाहर स्थित तालाब में मंडप का सामान विसर्जित करने जा रही थीं।
रिया भी साथ निकली थी। जब सभी लोग भैला-समदा मार्ग पर जैन की कोठी के सामने नहर रोड पर पहुंचे, तभी गुवारा तैयबपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही अनियंत्रित पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बच्ची दूर जा गिरी और उसके सिर में गंभीर चोट आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। इंस्पेक्टर संजय कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
रिया की फाइल फोटो
रिया की फाइल फोटो