राज्य पोषण मिशन के तहत शबरी संकल्प अभियान की सफलता के लिए सोमवार को सम्राट उदयन सभागार में प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला का शुभारंभ सीडीओ हीरालाल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया। इस दौरान सात विभागाध्यक्ष को कुपोषण दूर करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सीडीओ ने कहा कि योजना का उद्देश्य जीरो से तीन वर्ष के बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं को कुपोषण से मुक्त करना है। पोषण की दृष्टि से एक हजार दिनों के स्वर्णिम महत्व को देखते हुए अति कुपोषित व कुपोषित बच्चों के वजन की नियमित ऑनलाइन ट्रैकिंग की जाएगी और उन्हें विभागीय योजनाओं से लाभान्वित कराते हुए सामान्य श्रेणी में लाया जाएगा।
लखनऊ से प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, मंडलीय पोषण समन्वयक, उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी सहित अन्य प्रशिक्षित अधिकारियों के द्वारा ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षित किया गया।
कार्यशाला में एमओवाईसी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, एडीओ पंचायत, ग्राम्य विकास अधिकारी, आपूर्ति निरीक्षक, बाल विकास परियोजना अधिकारी, समस्त मुख्य सेविका एवं खंड शिक्षा अधिकारियों ने प्रशिक्षण लिया। इस मौके पर डीपीओ राकेश कुमार मिश्र, डीपीआरओ कमल किशोर, डीएसओ कुमार निर्मलेंदु सहित अन्य अधिकारी कर्मचारीगण मौजूद रहे।