चरवा कोतवाली के बरुलहा गांव के युवक को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करारी के जालसाज ने साढ़े सात लाख रुपये ठग लिए। नियुक्ति पत्र लेकर दिल्ली पहुंचने पर युवक को ठगी की जानकारी हुई। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर जालसाज ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है।
बरुलहा निवासी धर्मेंद्र कुमार यादव ने बताया कि पिछले साल उसकी मुलाकात करारी इलाके के लहना गांव में निवासी एक युवक से हुई। युवक ने उसे रेलवे में ग्रुप डी की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। झांसे में फंसकर धर्मेंद्र में नौकरी के लिए ऑनलाइन व नकदी समेत करीब साढ़े सात लाख रुपये युवक को दे दिए। कुछ दिन बाद जालसाज ने उसे नियुक्ति पत्र भेज दिया।
धर्मेंद्र सभी अभिलेखों व नियुक्ति पत्र के साथ रेलवे ऑफिस दिल्ली पहुंचा तो उसे जालसाजी की जानकारी हुई। दिल्ली से आने के बाद पीड़ित ने आरोपी से बात की तो वह गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इतना ही नहीं आरोपी अब ठिकाना बदलकर फतेहपुर शहर स्थित अपने ससुराल में रहने लगा है। पीड़ित युवक के मुताबिक नौकरी के लिए उसने अपनी जमीन बेचकर व बैंक से लोन लेकर पैसे दिए थे। पीड़ित ने मामले की शिकायत चरवा कोतवाली में की है।