दबंग ने किया आम रास्ते पर कब्जा, आवागमन में दिक्कत
--मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में 186 लोगों ने लगाई फरियाद, 11 लोगों को मिला इंसाफ
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर सिराथू तहसील में जिलाधिकारी ने लोगों की समस्याओं को सुना और निराकरण का आश्वासन दिया। समाधान दिवस में करीब 186 शिकायती पत्र आए। इनमे 11 मामलों का निस्तारण किया गया।
कड़ा विकास खंड के सरवनपुर गांव निवासी लक्ष्मण सोनकर ने बताया कि गांव के एक दबंग ने चकमार्ग पर कब्जा कर रखा है। इससे गांव के लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायत के बाद भी चकमार्ग पर किए गए कब्जे को हटवाया नहीं जा सका। डीएम ने एसडीएम सिराथू को आरोप की जांच कराकर कार्रवाई करने का आदेश। इसी तरह संयारा मीठेपुर के कृपा शंकर ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके मुहल्ले में ठेकेदार विद्युत की केबल नहीं खींच रहा है। जिसकी वजह से लोगों को काफी दूर से तार खींच कर बिजली का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। डीएम ने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि समस्या का निस्तारण जल्द करें। गनपा गांव के श्रीकेश पटेल ने बताया कि ग्राम समाज की एक भूमि पर गांव के ही एक दबंग ने कब्जा कर रखा है। इस सार्वजनिक जमीन का लोग इस्तेमाल करते थे। अतिक्रमण की वजह से किसानों को दिक्कत होती है। डीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस तरह समाधान दिवस में 186 शिकायती पत्र आए। इनमें 11 मामलों का निस्तारण किया गया। शेष शिकायती पत्रों को निस्तारण के लिए संबधित विभाग के अफसरों को भेजा गया है। इस दौरान सिराथू विधायक शीतला प्रसाद पटेल, सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेदी, एसडीएम सिराथू प्रखर उत्तम आदि मौजूद रहे।
-----------