मंझनपुर। जिला पंचायत सदस्य केशव सिंह पटेल और भानु प्रताप मौर्य ने जिले की नदियों में बड़ी संख्या में चेकडैम बनवाने की मांग की है। सदस्यों ने लघु सिंचाई मंत्री को संबोधित ज्ञापन शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी देकर बजट उपलब्ध कराने की मांग की है। सीडीओ ने सदस्यों को विभागीय मंत्री को ज्ञापन भेजकर चेकडैम बनवाने का आश्वासन दिलाया है।
दोआबा में लगातार गिर रहे भूजलस्तर को लेकर जिला पंचायत सदस्य चिंतित हैं। जिले के लोगों को निकट भविष्य में आने वाली पानी की समस्या से निजात दिलाने की पहल जनप्रतिनिधियों ने शुरू की है। सरसवां क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य केशव सिंह पटेल ने कहा कि जिले के सभी ब्लाक अधिक जलादोहन के कारण डार्कजोन में हैं। यदि पानी के संरक्षण के लिए कठोर कदम नहीं उठाए गए तो वह दिन दूर नहीं होगा कि बूंद-बूंद पानी के लिए लोगों को तरसना होगा।
इसी तरह सिराथू क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य भानु प्रताप मौर्य ने कहा कि जल संरक्षण के लिए जिले की नदिया में बड़ी संख्या में चेकडैम बनवाने की जरूरत है। ताकि भूजल स्तर स्थिर हो सके। उन्होंने बताया कि लघु सिंचाई विभाग द्वारा किलनहाई और ससुरखदेरी नदियों कुछ चेकडैम बनवाए गए हैं। इन चेकडैमों का मानक और पूरी पारदर्शिता से निर्माण कराया गया है। जिला पंचायत सदस्यों ने शनिवार को लघु सिंचाई मंत्री राजकिशोर यादव को संबोधित ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी को देकर नदियों में बड़ी संख्या में चेकडैम बनवाने की मांग की। मामले में सीडीओ बीएन मिश्रा का कहना है कि ज्ञापन और प्रस्ताव विभागीय मंत्री को भेज बजट उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी।