टन-टन-टन चलो घंटी बजी... । शिक्षा के नए सत्र की शुरुआत शनिवार को विशाल रैली के साथ हुई। बच्चों और अभिभावकों को जागरूक करने के लिए मुख्यालय मंझनपुर में डीएम मनीष कुमार वर्मा की अगुवाई में रैली निकालकर स्कूल चलो अभियान का आगाज किया किया गया। पहले दिन ही बच्चों को किताब, ड्रेस आदि का वितरण भी कराया गया।
विशाल रैली के साथ शनिवार को नए शिक्षण सत्र की शुरूआत हुई। एक महीने 10 दिन बाद छुट्टी खत्म होते ही परिषदीय स्कूलों में फिर से रौनक लौटी। घरों से बच्चे चहकते हुए स्कूल पहुंचे। फिर उन्हें मंझनपुर बीआरसी में एकत्रित किया गया। कस्तूरबा गांधी स्कूल के साथ परिषदीय और अन्य निजी शिक्षण संस्थानों के बच्चे रैली में शामिल हुए। टन-टन-टन चलो घंटी बजी स्कूल की...। डीजे पर इस स्लोगन की धुन के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने विशाल रैली को हरी झंडी देकर रवाना किया। गाजे-बाजे के साथ बच्चों की रैली मुख्यालय के तहसील मार्ग से चौराहा होते हुए डायट मैदान पहुंची। डीएम ने शिक्षकों को मन लगाकर बच्चों को तालीम देने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीडीओ दिनेश सिंह, बीएसए डीएस यादव, डीपीआरओ के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
ज्यादातर विद्यालयों में पसरा रहा सन्नाटा
मंझनपुर। गर्मी की एक महीने की छुट्टी के बाद शनिवार स्कूल खुले। मगर पहले दिन जिले के ज्यादातर प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में सन्नाटा पसरा रहा। बच्चे तो बच्चे कई स्कूलों से मास्टरजी भी नदारद रहे। कहीं सिर्फ शिक्षामित्र तो कहीं इक्का-दुक्का ही शिक्षक स्कूल आए थे।