प्राथमिक विद्यालयों में पहले दिन बच्चों का माला पहनाकर रोली लगाकर स्वागत किया गया।
- फोटो : संवाद।
परिषदीय विद्यालयों की चहल पहल मंगलवार से लौट आई है। गर्मी के अवकाश के बाद विद्यालय खुलने पर बच्चों को स्कूल तक लाने के लिए बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा गलियों में आ गए। विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों का रोली चंदन लगाकर स्वागत किया। इसके बाद मंझनपुर ब्लॉक के छिमिरछा गांव में स्कूल चलो अभियान की रैली में शामिल हुए। खुद हाथ में बैनर लेकर गांव का भ्रमण किया।
इसी बीच रास्ते में मिलने वाले बच्चों उन्होंने विद्यालय नहीं आने का कारण पूछा साथ ही उनको विद्यालय पहुचने के लिए प्रेरित किया। बीएसए ने गांव के लोगों को शिक्षा का महत्व भी बताया। जिस गली से बीएसए गुजरते रहे। वहां लोगों ने बीएसए को देखकर बच्चों को विद्यालय भेजने की बात कही। जिले में इसी प्रकार डीएम समेत अन्य अधिकारियों ने भी स्कूलों में पहुंचकर बच्चों का स्वागत किया।
तिलक लगाकर बच्चों का स्कूल में हुआ स्वागत, बंटा हलवा-पूड़ी
नए शिक्षण सत्र की शुरुआत मंगलवार से हुई। पहले दिन विद्यालय पहुंचने वाले बच्चों का जोरदार स्वागत हुआ। शिक्षकों ने उन्हें तिलक लगाया, फूल बरसाए। स्कूलों को गुब्बारों से सजाया गया था। एमडीएम में भी हलवा-पूड़ी खाने को दी गई। गांवों में रैली निकालकर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय करारी में प्रधानाध्यापक नायाब अंजुम ने बच्चों काे तिलक लगाकर स्वागत किया। विद्यालय आने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके साथ ही बच्चों को पहले दिन हलवा और पुरी खिलाया। बच्चों के खिलखिलाहट से स्कूल गुलजार हो गए।पहले दिन स्कूल जाने को लेकर अभिभावकों के साथ बच्चे भी काफी उत्साहित रहे। बच्चों को मिठाई एवं चाकलेट देकर उनका मुंह मीठा कराया गया। कार्य को पूरा करने वाले बच्चों को पेन एवं कापी देकर इनका उत्साहवर्धन भी किया गया। प्रधानाध्यापक ने बच्चों को उनके जिम्मेदारियों के बारे में समझाया।
अभिभावकों से शत प्रतिशत उपस्थिति के लिए अपील किया। इस मौके पर स्कूल गुब्बारे, रंगीन पन्नीयो से सजाया गया था। स्कूल सुंदर रंगोली भी बनाई गई। इस मौके पर एक रैली भी निकाली गई।प्रधानाध्यापक ने बताया कि नए सत्र से बच्चों की पढ़ाई शुरू हो गई है। साथ ही बच्चों का प्रवेश भी लिया जा रहा है। लोग बच्चों का एडमिशन करा सकते हैं। इसी तरह कंपोजिट विद्यालय अमुरा में प्रभारी प्रधानाध्यापक ने बच्चों को तिलक लगाकर फूल माला से स्वागत किया। इस मौके पर सहायक अध्यापक भरत प्रकाश, पंकज कुमार, रणजीत सिंह, अभिषेक कुमार, बभनपूरा प्राथमिक विद्यालय में इस्तियाक अहमद ने बच्चों का स्वागत किया।