मंझनपुर। कौशाम्बी के अफसर दफ्तरों में बैठकर विभागीय कामकाज निपटाने और जन समस्याओं के निस्तारण में दिलचस्पी नहीं दिखाते हैं। अफसरों की यही मनमानी शुक्रवार को खुद सीडीओ ने विकास भवन के मुआयने के दौरान देखी। सीडीओ ने दोपहर विकास भवन में संचाचिल विभिन्न कार्यालयों की जांच की थी। मुआयने के दौरान जिला बचत अधिकारी, लघु सिंचाई के अभियंता समेत 14 अफसर गायब थे। नाराज सीडीओ ने इन सभी अफसरों का एक-एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की है।
मुख्य विकास अधिकारी भोलनाथ मिश्र ने शुक्रवार की दोपहर 12.10 बजे विकास भवन में संचालित कार्यालयों का अचानक मुआयना किया। सीडीओ ने बताया कि इस दौरान जिला बचत अधिकारी एके सिंह के अलावा लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता, प्रांतीय खंड के दो सहायक अभियंता, पीएमजीएसवाई के अभियंता, लेखाधिकारी समेत 14 अफसर अपने दफ्तर में नहीं थे। पूछताछ करने पर इन अफसरों के बारे में उनके अधीनस्थ कर्मचारी भी कुछ नहीं बता सके। अफसरों की इस मनमानी पर सीडीओ ने नाराजगी जताई।
साथ ही सभी को नोटिस भेजकर कार्यालय से गायब रहने का स्पष्टीकरण मांगा है। इतना ही नहीं उन्होंने मुआयने के दौरान कार्यालय से गायब रहे अफसरों का एक-एक दिन का वेतन काटने का भी निर्देश दिया है। बता दें कि कौशाम्बी के ज्यादातर अधिकारी कर्मचारी जिले में निवास ही नहीं करते हैं। ऐसे में देर से कार्यालय आना और बगैर किसी सूचना के दफ्तर से गायब रहना अफसर और कर्मचारियों की आदत में शुमार हो चुका है। इनमें से तमाम अभियंता तो ऐसे हैं, जो कभी कभार ही दफ्तर आते हैं। इससे किसी काम से कार्यालय आने वाले आमजन को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बता दें कि डीएम, सीडीओ के निरीक्षण में आए दिन इसका खुलासा भी होता रहता है। वेतन काटने, स्पष्टीकरण मांगने जैसी कार्रवाईयां भी कई बार की गई। इसके बाद भी अफसरों की आदत में कोई सुधार नहीं हो रहा है।