जिले में ‘सौभाग्य’ योजना के पहले दिन बिजली विभाग ने 32 बिजलीघरों पर कैंप लगाकर मुफ्त में कनेक्शन आवंटित किया। तीन बिजली घरों पर तय कार्यक्रम के मुताबिक पहुंचे माननीयों ने योजना का शुभारंभ किया। कैंप में मुफ्त कनेक्शन मिलने पर बीपीएल व एपीएल उपभोक्ताओं के चेहरे खिले नजर आए।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रदेश भर के गरीबों का घर रोशन करने के लिए ‘सौभाग्य’ योजना का शुभारंभ उन्नाव जिले में किया। इसके साथ ही योजना प्रदेश भर में लागू हो गई। पहले दिन एक्सईएन प्रभाकर पांडेय के निर्देश पर जिले के 32 उपकेंद्रों पर एक साथ नि:शुल्क कनेक्शन दिए जाने के लिए कैंप का आयोजन किया गया। चायल विधायक संजय गुप्ता ने महगांव, मंझनपुर विधायक लाल बहादुर ने पश्चिम शरीरा व सिराथू विधायक शीतला प्रसाद ने कूरा मुरीदन उपकेंद्र पर पहुंचकर सौभाग्य योजना का शुभारंभ किया।
तीन उपकेंद्रों पर विभाग के नोडल अफसर मौजूद रहे। सभी 32 बिजली घरों में पहले दिन दो हजार से अधिक गरीबों व गरीबी रेखा से ऊपर जीवन यापन करने वाले लोगों के घरों को मुफ्त में कनेक्शन देकर रोशन किया गया।