सांसद विनोद सोनकर ने शनिवार को 14 करोड़ 26 लाख की चार सड़क परियोजना का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने भाजपा के संकल्प की याद दिलाते हुए कहा कि जिले की एक भी सड़कें गड्ढायुक्त नहीं रहने पाएंगी। इसके लिए भाजपा का एक-एक जनप्रतिनिधि संकल्पबद्ध है।
सरसवां ब्लॉक परिसर में शनिवार को आयोजित समारोह में सांसद विनोद सोनकर ने कहा कि भाजपा सरकार ने सभी सड़कें पूरी तरह से गड्ढामुक्त करने का वादा किया था। इसी के तहत सड़कों को गड्ढामुक्त किया जा रहा है। आने वाले दिनों में जिले की एक भी सड़क पर गड्ढे नजर नहीं आएंगे। इसके अलावा जनता से किए गए अन्य वायदों को भी सूबे व केंद्र की सरकार पूरा कराएगी। सदर विधायक लाल बहादुर ने कहा कि देश व प्रदेश की भाजपा सरकार जनता की बुनियादी सुविधाओं को अपने एजेंडे में लेकर चल रही है।
जनहित के कार्य में किसी भी प्रकार का रोड़ा नहीं लगने वाला है। इसके बाद सांसद ने चार सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस मौके पर भूपेंद्र सिंह, दिनेश पांडेय, गुलाब, जगजीत सिंह, उमेश, सांसद के मीडिया प्रभारी राजेंद्र पांडेय सहित तमाम लोग मौजूद रहे।