सरायअकिल थाना क्षेत्र के धारुपुर और हसनपुर गांव के बीच स्थित गेस्ट हाउस के समीप सोमवार सुबह ओवरलोड बालू लदे डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि पति को डंपर घसीटते हुए 25 मीटर तक ले गया। गंभीर हालत में उनका उपचार चल रहा है। ग्रामीणों को आते देख चालक और खलासी वाहन को छोड़कर खेतों की ओर से भाग निकले। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
पिपरी कोतवाली के दुर्गापुर गांव निवासी शिवलाल सोमवार सुबह पत्नी कलावती (35) को बाइक पर बैठाकर प्रयागराज के इमिलिया गांव में मसुरिया माता का दर्शन करने जा रहे थे। जैसे ही वह धारुपुर और हसनपुर गांव के बीच स्थित गेस्ट हाउस के समीप पहुंचे थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार व ओवरलोड बालू लदे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर बैठी महिला कलावती की डंपर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार पति डंपर में फंस गया जिसे घसीटते हुए डंपर 25 मीटर तक ले गया। ग्रामीणों की भीड़ आते देख चालक और खलासी डंपर रोककर खेतों के रास्ते बिगहरा गांव की ओर भाग निकले।