होली पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिराथू की टीम सजग हो गई है। मंगलवार को टीम ने सर्किल की तीन प्रमुख बाजारों की दर्जनभर मिठाई की दुकानों में छापेमारी कर नमूने एकत्रित किए। निर्देशित किया कि पर्व के मौके पर मिलावटी व घटिया खाद्य सामग्री मिली तो खैर नहीं है।
होली पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिराथू संजय सिंह की टीम मुकाबले में है। पर्व के महत्व को देखते हुए उन्होंने मंगलवार से सर्किल में छापेमारी शुरू कर दी। सबसे पहले टीम ने वह सैनी स्थित तीन मिष्ठान भंडार में छापा मारा। टीम ने नमूना लेना शुरू किया तो दुकानदारों के होश उड़ गए। पेड़े में मिलावट का अंदेशा होने पर उन्होंने नमूने लिए और मिलावट न करने की हिदायत देते हुए आगे बढ़ गए।
इसकी जानकारी होते ही अन्य दुकानदार दुकान बंद कर भाग निकले। यहां के बाद टीम टेढ़ीमोड़ चौराहा पहुंची। यहां भी तीन दुकानों से नमूने लिए गए। इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम देवीगंज बाजार पहुंची। यहां पर उन्होंने चार मिष्ठान व दो किराने की दुकानों में बिक रही खाद्य सामग्री का निरीक्षण किया। कुल 13 दुकानों से सैंपल लिया गया। टीम ने दुकानदारों को हिदायत दी कि मिलावटी खाद्य पदार्थ मिला तो खैर नहीं है।