सिराथू। सैनी बस स्टाप के सामने कानपुर-इलाहाबाद हाईवे की फोरलेन सड़क भी अतिक्रमण का शिकार है। दोनों तरफ आधी सड़क पर सवारियों का इंतजार में टेंपो खड़े कर दिए जाते हैं। सड़क पर ही डग्गामार वाहनों की पार्किंग होने से जहां वाहनों के आने-जाने में दिक्कतें होती हैं। वहीं आए दिन दुर्घटनाएं भी होती रहता हैं। कई बार जानलेवा हादसे भी हो चुके हैं। इसके बाद भी हाईवे से अतिक्रमण हटाने में पुलिस और स्थानीय प्रशासन बेफ्रिक बना हुआ है।
यातायात पुलिस ने अभी 11 से 17 जनवरी तक सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया। अफसर इस दौरान जहां गोष्ठियों का आयोजन करके लोगों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने की खानापूर्ति करते दिखे। वहीं यातायात महकमे का सारा जोर सिर्फ वाहन की चेकिंग करके जुर्माना वसूलने पर रहा। सड़क हादसे की सबसे बड़ी वजह अतिक्रमण हटाने की कोई पहल तक नहीं की गई। आधी सड़क पर डग्गामार वाहनों के कब्जे से जहां बस अड्डे के सामने से वाहनों के आने-जाने में दिक्कतें होती हैं। वहीं आए दिन सड़क दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं।
सैनी के पूर्व प्रधान देशराज सिंह ने बताया कि बस स्टाप के सामने टेंपोवालों की यह मनमानी किसी दिन बड़ा हादसे का कारण बनेगी। वहीं भाकियू के मंडल अध्यक्ष नुरुल इस्लाम ने भी सैनी हाईवे पर अतिक्रमण पर गुस्सा जताया। बताया कि कई बार इसकी शिकायत अफसरों से भी की जा चुकी है। इसके बाद भी हाईवे पर रोजाना होने वाले अतिक्रमण को हटवाने में अफसर तनिक भी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। मामले में एसडीएम सिराथू जवाहर लाल का कहना है कि पुलिस के साथ सैनी कस्बे में जल्द ही अभियान चलाकर हाईवे को अतिक्रणम मुक्त कराया जाएगा।