सड़क पर भरे गंदा पानी से बचते हुए जाती मिला। संवाद
विकासखंड कौशाम्बी के आकांक्षी ब्लॉक के मकदुमपुर ढोकसहा के मजरा डेकहाई में मुख्य रास्ते तालाब में तब्दील हो गए हैं। जल निकासी ठप होने से ग्रामीणों को मच्छरों और संक्रामक बीमारियों का खतरा सता रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अभी बारिश शुरू भी नहीं हुई है, लेकिन रास्ते में पानी जमा होने से गांव में प्रवेश करना मुश्किल हो गया है। आरसीसी सड़क पर कुछ लोगों की तरफ ब्रेकर बना देने के कारण पानी का बहाव भी रुक गया है और पूरा पानी एक ही स्थान पर इकट्ठा हो रहा है, जिससे हालात और बिगड़ गए हैं।
ग्रामीण रामबालक मौर्य, छेदी मौर्य, मिनाज, नजीर सहित अन्य लोगों ने बताया कि कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद खंड विकास अधिकारी से भी जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की गई है।
मामले को गंभीरता से लिया गया है। तत्काल प्रभाव से टीम गठित कर अतिक्रमण हटाने और जल निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी। जहां-जहां समस्या है, बारिश से पहले उसे ठीक कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। - सुरेश कुमार राय ,खंड विकास अधिकारी।