फतेहपुर के रूट डायवर्जन से अजुहा में लगा था जाम
पुलिस के नहीं होने से लोगों ने खुद उठाया कदम
अजुहा के लोगों ने खुद संभाली ट्रैफिक व्यवस्था, हटवाया जाम
अमर उजाला ब्यूरो
अजुहा। कांवड़ यात्रा को लेकर फतेहपुर में किए गए रूट डायवर्जन के कारण बुधवार की देर रात से अजुहा में लंबा जाम लगा रहा। कनवार बार्डर से लगा जाम सिहोरी टोल प्लाजा तक रहा। सबसे ज्यादा परेशानी अजुहा कस्बे में हुई। सुबह बाजार के लिए निकले लोगों ने पुलिस को खबर दी लेकिन कोई नहीं आया। स्कूल का वक्त होने के कारण बच्चों के वाहन भी फंसे थे। स्थानीय लोगों ने तीन घंटे की मेहनत के बाद करीब दस बजे जाम समाप्त कराया।
हंडिया में कांवडिय़ों के रास्ते को लेकर फतेहपुर में 23 जुलाई से रूट डायवर्जन किया गया है। भारी वाहन रायबरेली मार्ग से फाफामऊ होते हुए प्रयागराज भेजे जा रहे हैं। बुधवार की देर रात अचानक बैरियर हटाकर वाहन कौशाम्बी के रास्ते प्रयागराज के लिए निकल पड़े। इसके कारण देर रात, कनवार बार्डर से लेकर सिहोली टोल तक वाहनों की लंबी कतारे लग गई। वाहन चालकों ने जल्दी निकलने के लिए दूसरी लेन पर वाहन कूदा दिया। जिसके कारण दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। सुबह स्कूली बच्चों को लेकर निकले वाहन भी जाम में फंस गए। अजुहा के भोला चौराहे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी थी। वाहन चालक गाड़ी बंद करके इधर-उधर टहल रहे थे। स्थानीय लोगों ने किसी तरह ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रण में कर 10 बजे के करीब जाम समाप्त कराया।