कानपुर-इलाहाबाद हाईवे पर शुक्रवार को त्रिलोकपुर गांव के सामने ट्रक एक छात्रा को कुचलते हुए निकल गया। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर हंगामा शुरू कर दिया। सैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
त्रिलोकपुर गांव की शीलू (12) पुत्री राजबाबू कक्षा चार में गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह स्कूल से हाईवे पार करके शौच के लिए गई थी। शौच करके वह वापस आ रही थी। इसी दौरान कानपुर से इलाहाबाद की ओर जा रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। पिछले पहिए के नीचे आने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई थी। राहगीरों के शोर मचाने पर तमाम लोग इकट्ठा हुए। जानकारी पर तमाम ग्रामीण भी आ गए और हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर सैनी एसओ विपिन त्रिवेदी मौके पर पहुंचे। लोगों को शांत कराया। ग्रामीणों का आरोप था कि ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला था। ग्रामीण चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। एसओ ने गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।