सऊदी में फंसे लोगों की वापसी की उम्मीद जगी है। इससे परिजन राहत में हैं, लेकिन बेचैनी अभी भी बरकरार है। इसकी बड़ी वजह यह है कि कपिल ने सऊदी में फंसे युवकों को फिर धोखा दिया है। 19 लोगों में खर्च के लिए मात्र 50 रियाल दिया गया है। मक्खन लाल ने इसकी जानकारी गुरुवार की शाम अपने पिता को फोन पर दी। इससे वह चिंतित हो गए हैं। इस मामले में अब मक्खन के पिता ने एजेंट पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वह शुक्रवार को एजेंट के खिलाफ तहरीर देंगे।
सऊदीअरब में टीकरडीह गांव के तीन व कादीपुर गांव का एक व्यक्ति फंसा है। टीकरडीह गांव के मक्खन लाल के साथ वहां पर रमेश, गनेश व ओम प्रकाश फंसे हैं। ये वहां अकेले नहीं हैं बल्कि 19 लोग हैं। कपिल इनको लगातार झांसा दे रहा था। बुधवार को कपिल ने सौ रियाल देने का वादा युवकों से किया था लेकिन बदले में दिया मात्र 50 रियाल। कपिल ने यह भी कहा कि था 12 नवंबर को वह उनको वापस भारत भेजेगा, लेकिन कपिल जिस तरह से हरकत कर रहा है, उससे परिजन संतुष्ट नहीं है। मक्खन ने गुरुवार की शाम को अपने पिता को फोन कर कपिल की हकीकत बताई तो वह दोबारा चिंतित हो गए। मक्खन के पिता लल्लू ने अमर उजाला को बताया कि अब उनके सब्र का बांध टूट गया है। वह शुक्रवार को एजेंट के खिलाफ एसपी कार्यालय में तहरीर देंगे। साथ ही वह पूरा प्रयास करेंगे कि मामले में एजेंट के खिलाफ कार्रवाई ताकि उनके बेटा व वहां फंसे अन्य लोग वापस आ सकें।