ब्लॉक में घर-घर शौचालयों के कायाकल्प के लिए चलाई जा रही रेट्रोफिटिंग योजना बजट के अभाव में मंद पड़ गई है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 10 वर्ष पहले गांव में बने अधिकांश शौचालय अब जर्जर हो चुके हैं। डेढ़ वर्ष पूर्व ब्लॉक में कायाकल्प के लिए 10,281 शौचालय का लक्ष्य मिला था, इसके सापेक्ष 6155 जर्जर शौचालयों का मरम्मतीकरण किया जाना था, लेकिन बजट के अभाव में काम रुका हुआ है।
स्वच्छ भारत मिशन योजना फेेज दो के तहत सिराथू विकासखंड के 79 ग्राम पंचायतों में 2014 से अब तक 76 हजार लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया गया। पूर्व में घर-घर शौचालय का निर्माण ग्राम पंचायत की ओर से कराया गया था। योजना में भ्रष्टाचार उजागर होने पर शासन से पात्रता सूची में शामिल लाभार्थी के खाते में दो किस्तों में 12 हजार की रकम भेजी जाने लगी।
10 वर्ष पूर्व बने शौचालयों की मरम्मत के लिए पंचायती राज विभाग की तरफ से रेट्रोफिटिंग योजना शुरू की गई। इसके तहत शौचालयों की जर्जर हो चुकी छत, दरवाजा, फर्श व सीट बनाने और रंगाई-पुताई के लिए ग्राम पंचायत निधि से अधिकतम 4,850 रुपए खर्च होते हैं।
डेढ़ वर्ष पूर्व ब्लॉक में कायाकल्प के लिए 10,281 शौचालय का लक्ष्य मिला था। इसके सापेक्ष 6155 जर्जर शौचालयों का सर्वे कर ऑॅनलाइन फीडिंग हुई थी, लेकिन अब तक बजट न मिलने से मरम्मत कार्य नहीं हो सका। शौचालय बदहाल होने से लोगों को बाहर खुले में जाना पड़ रहा है।
इनसेट :: बदहाल हो चुके शौचालय में लोग रख रहे हैं कंडे व लकड़ी
10 वर्ष पहले बने 76 हजार शौचालयों में से आधे से अधिक जर्जर हो चुके हैं, ऐसे में प्रयोग लायक न होने पर लोग उसमें लकड़ी व कंडे रख रहे हैं। ऐसे में जिले को खुले में शौच मुक्त करने के दावे की पोल खुल रही है।
10 साल पहले ग्राम पंचायत की ओर से शौचालय का निर्माण कार्य हुआ था। मौजूदा समय में जर्जर हो चुका है। मरम्मत के लिए पैसा नहीं है। ऐसे में मजबूरन बाहर खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। कई बार प्रधान व सचिव को भी जानकारी दी गई। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
श्याम कली देवी, फतेहपुर बेला
निर्माण के दौरान खराब सामग्री लगाई गई। जिसके चलते साल भर में ही फर्श व छत जर्जर हो गई। दरवाजा भी टूट गया है। इसके चलते शौचालय की व्यवस्था न होने से बहू-बेटियों को बाहर खुले में जाना पड़ता है।
-कंधई लाल, खनवारी
मरम्मत के लिए लक्ष्य के सापेक्ष 6155 शौचालय के सर्वे के बाद बजट न होने से कायाकल्प का काम रुका हुआ है।
-एडीओ पंचायत विश्व बंधु
गांव में पड़ा जर्जर शाैचालय- संवाद
गांव में पड़ा जर्जर शाैचालय- संवाद
गांव में पड़ा जर्जर शाैचालय- संवाद