जनपद के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड) और प्रवक्ता पदों पर अस्थायी व्यवस्था के तहत सेवानिवृत्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने इस संबंध में इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे हैं। यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी, जब तक नियमित रूप से चयनित शिक्षक कार्यभार ग्रहण नहीं कर लेते अथवा वर्तमान शैक्षिक सत्र समाप्त नहीं हो जाता। इसके लिए केवल ऐसे सेवानिवृत्त सहायक अध्यापक और प्रवक्ता पात्र होंगे, जिन्होंने 70 वर्ष की आयु पूरी नहीं की है। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्र शिक्षकों का एक पैनल (पूल) तैयार किया जाएगा। इसके बाद प्रबंध समिति की मांग पर संबंधित विद्यालयों में मानदेय के आधार पर अल्पकालिक शिक्षण कार्य के लिए नियुक्ति की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन पंजीकृत डाक या सीधे जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, कौशाम्बी में 18 जुलाई से दो अगस्त 2026 की शाम 5 बजे तक जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।