तीन साल पहले मॉडल गांव के लिए चयनित कसिया पश्चिम में बदहाल पड़े 500 इज्जत घर (शौचालय) लाज बचाने की मदद मांग रहे हैं। 10 साल पहले एसबीएम योजना से 511 लाभार्थियों को शौचालय मिला था, जिसका निर्माण ग्राम पंचायत से कराया गया था। ऐसे में 500 शौचालय अर्धनिर्मित होने के साथ बदहाल हो चुके हैं, जिससे बहू-बेटियों को शौच के लिए बाहर खुले में जाना पड़ रहा है।
कागज पर चल रही रेट्रोफिटिंग योजना से मरम्मत का कार्य भी नहीं कराया गया। आरआरसी सेंटर का संचालन भी नहीं हो रहा है, जिससे गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इसके अलावा दर्जन भर हैंड पंप खराब होने के साथ जल जीवन मिशन से सप्लाई न शुरू होने से लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
15 हजार की आबादी वाले इस गांव को विकसित करने के लिए वित्तीय वर्ष 2022 व 23 में स्वच्छ भारत मिशन पेज दो के तहत मॉडल गांव का दर्जा मिला है। ऐसे में आरआरसी सेंटर, नाडेप, खाद गड्ढा, कूड़ा पात्र खरीद के लिए 10 लाख रुपये के बजट के अतिरिक्त पंद्रहवें व राज्य वित्त से विकास के लिए लाखों रुपये की धनराशि खर्च की गई।
राकेश कुमार और भोला प्रसाद ने बताया कि नाली निर्माण न होने से समस्या हो रही है। जल जीवन मिशन की टंकी से पानी आपूर्ति नहीं शुरू हुई और दर्जन भर हैंडपंप भी खराब पड़े हैं।
बिहारी लाल, लाल मन आदि ने बताया सफाई कर्मचारी भी नहीं पहुंचते हैं। ग्राम प्रधान पंचम लाल का कहना है कि सफाई कर्मचारी ना आने की शिकायत व खराब पड़े हैंड पंपों के रिबोर करने के लिए एडीओ पंचायत से मांग की गई है, लेकिन अनुमति नहीं मिली।
-
मोहल्ले में नाली का निर्माण न होने से रास्ते में दूषित पानी भरा रहता है जिससे पनप रहे मच्छरों से संक्रामक बीमारी फैलने का भय रहता है। शौचालय भी बदहाल हो चुके हैं। - रमेश कुमार
10 साल पहले ग्राम पंचायत ने शौचालय निर्माण अधूरा छोड़ दिया। सचिव और प्रधान से कई बार मांग करने के बाद भी मरम्मत का कार्य नहीं कराया जा रहा है। ऐसे में घर के लोगों को बाहर खुले में जाना पड़ रहा है। - टिल्लू लाल
-
मॉडल गांव के लिए चयनित कासिया पश्चिम गांव में आरआरसी सेंटर का संचालन नहीं हो रहा है । रेट्रोफिटिंग से शौचालय के मरम्मत के लिए निर्देश दिया गया है। इसके बाद गांव में शौचालय बदहाल होने पर सचिव के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - अनिल कुमार सिंह, जिला पंचायत राजअधिकारी
सिराथू ब्लॉक के कसिया पश्चिम गांव में बदहाल पड़े शौचालय: संवाद
सिराथू ब्लॉक के कसिया पश्चिम गांव में बदहाल पड़े शौचालय: संवाद
सिराथू ब्लॉक के कसिया पश्चिम गांव में बदहाल पड़े शौचालय: संवाद