गणतंत्र दिवस सोमवार को है। इसकी तैयारी में पुलिस महकमा कई दिनों से जुटा है। गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड की रिहर्सल की जा रही है। पुलिस अधीक्षक रतनकांत पांड़ेय ने शनिवार को पुलिस लाइंस पहुंचकर परेड की रिहर्सल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड की सलामी जिलाधिकारी राजमणि यादव लेंगे।
बता दें कि गणतंत्र दिवस पर मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइंस में आयोजित किए जाते हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्य आर्कषण पुलिस की परेड का रहता है। इसकी तैयारी मं कई दिनों से पुलिसकर्मी जुटे हैं। रोजाना गणतंत्र दिवस की परेड की रिहर्सल की जा रही है। शनिवार को परेड की रिहर्सल का जायजा खुद पुलिस कप्तान रतनकांत पांडेय ने किया। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस की परेड के लिए पुलिस की पांच टोलियां बनाई गई है। इनमें से दो टोली सिपाहियों की है। जबकि एक-एक टोली दरोगा, एसीसी कैडेट और होमगार्ड्स की है।
एसपी ने दावा कि परेड समेत गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उधर, जिलाधिकारी राजमणि यादव ने भी सभी विभागाध्यक्षों को निर्धारित समय पर कार्यालयों में ध्वजारोहण किए जाने का निर्देश दिया है। चेताया है कि इसमें किसी भी तरह की मनमानी क्षम्य नहीं होगी। वहीं स्कूलों में भी गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बता दें कि 26 जनवरी को स्कूली बच्चे जहां प्रभातफेरी निकालेंगे। वहीं देश के अमर सपूतों की याद में विविध कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।