कोर्ट के आदेश पर 15 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के गांवों में मारपीट, फायरिंग व जानलेवा धमकी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के गांवों में मारपीट, फायरिंग व जानलेवा धमकी के तीन मामलों में 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अदालत के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस घटनाओं की जांच कर रही है।
जरैनी निवासी अनीस कुमार का कहना है कि दो दिसंबर 2019 को वह घर पर था। तभी पड़ोसी रामयज्ञ, पंकज कुमार व अरविंद कुमार उसके घर पहुंचे और रंजिश को लेकर मारपीट करने लगे। आरोपियों ने फयरिंग भी की। शोरगुल सुनकर मोहल्लों को आते देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। तहरीर के बाद भी सरायअकिल पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर गुरुवार को थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। इसी तरह से मेड़ुआ सलेमपुर निवासी बुधराम ने भी बताया कि दो अक्तूबर को गांव के ही बांकेलाल, सुरदीप, रंजीत, मिलनी, रोहित, केसन, मिश्रीलाल, छितानी व उसकी औरत आदि ने उसके घर पर चढ़कर उसकी पिटाई की। अदालत के आदेश पर सरायअकिल पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एक अन्य घटना में सरायअकिल कस्बे के मोलवीगंज मोहल्ला निवासी शकुनी देवी पत्नी बटेर ने बताया कि 28 अक्तूबर 2019 को पड़ोसी भोला, जगमोहन व बुधराम आदि ने मामूली बात को लेकर उसे व उसके बेटे की पिटाई की थी। इस मामले की भी कोर्ट के आदेश पर सरायअकिल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है।