पिटाई के दो मामलों में 12 पर रिपोर्ट दर्ज
मंझनपुर (संवाद)। कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के ढोकसहा गांव निवासी अतुल शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने साथी के साथ सरायअकिल बाजार गया था। वहां खोंपा निवासी नूरुल हुदा से मामूली बात पर कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। पीड़ित के अनुसार लौटते वक्त खोंपा गांव के समीप आरोपी नूरुल हुदा ने उसे अपने दोस्त मो. कादिर व शमसाद के साथ रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इसी तरह पश्चिमशरीरा के कटरी गांव की चंदा देवी पुत्री बड़का ने बताया कि पति से अनबन के कारण इन दिनों वह मायके में रह रही है। आरोप है कि शुक्रवार शाम ससुराली मायके पहुंचे और कहासुनी के बाद पिटाई कर दी। पीड़िता चंदा की तहरीर पर पुलिस ने ललित, भइयन, रामबाबू, ऐला, कुटही देवी, श्याम, दुक्का निवासी टिकरा किरावल थाना राजापुर जिला चित्रकूट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है।
-----
दहेज के लिए विवाहिता को पीटकर घर से निकाला
मंझनपुर (संवाद)। प्रयागराज के बारा थाना स्थित सेउढ़ा गांव की उर्मिला देवी पुत्री चंदन ने बताया कि उसका विवाह करीब दो साल पहले मंझनपुर इलाके के कोड़र में इंदर से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराली विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया, लेकिन उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़िता की मानें तो पखवाड़े भर पहले ससुराल वालों ने पीटकर उसको घर से निकाल दिया। मायके वालों ने एक दफा फिर समझौते का प्रयास किया। बात नहीं बनने पर पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर दी। नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति इंदर, ससुर छेद्दू, सास बसंती, देवर सुकरु व पंचम आदि के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।