सिराथू तहसील के मोंगरी कड़ा गांव की पात्र गृहस्थी की सूची में महिलाओं के कार्डों में हेराफेरी करते हुए यूनिट बढ़ा दी गई थी। इसकी शिकायत डीएम से ग्रामीणों ने की थी। यूनिट बढ़ाकर हर महीने राशन हड़प किया जा रहा था। डीएम ने मामले की जांच अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपी थी। गुरुवार को मजिस्ट्रेट ने जांच की तो उन्हें गड़बड़ी मिली।
मोंगरी कड़ा गांव के लोगों ने हफ्ता भर पहले प्रदर्शन कर शिकायत दर्ज कराई थी कि पात्र गृहस्थी के 38 राशन कार्डों में हेराफेरी कर यूनिट बढ़ाई गई है। यूनिट बढ़ाकर राशन हड़पा जा रहा था। हालांकि दो माह पहले हुई शिकायत के बाद यूनिट में संशोधन कर दिया गया था। दोनों सूची को निकलवाने के बाद डीएम से शिकायत की गई थी। डीएम ने मामले को गंभीरता से लिया। जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त मजिस्ट्रेट एसएन सिंह को दी गई थी।
गुरुवार को वह जांच करने पहुंचे। जांच के दौरान उनको खामियां मिलीं। उन्होंने इस संबंध में कोटेदार से भी बातचीत की। साथ ही फिडिंग करने वाले से भी पूछताछ की। एसडीएम ने सबको चेतावनी दी है कि वे जल्द से जल्द अपना जवाब दें। एसडीएम ने बताया कि पहले यूनिट बढ़ाई गई थी, इसके बाद उसको संशोधित किया गया है। इस मामले में सभी संबंधितों से जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद वह अपनी रिपोर्ट डीएम को देंगे।