मंझनपुर। स्थानीय नगर पंचायत की पूर्व चेयरमैन के बेटों पर गैंगरेप का केस दर्ज कराने वाली महिला शुक्रवार को पति सहित रंगदारी लेते हुए रंगेहाथ धरी गई। उसने तीन लाख रुपये और एक प्लॉट की डिमांड की थी। मामले में फिलहाल दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी नहीं दर्ज की जा सकी है।
नगर कोतवाली इलाके की एक महिला ने आठ अगस्त 2020 को मंझनपुर की पूर्व चेयरमैन हाशिमी बेगम के बेटे शबीह हैदर उर्फ मीनू व औन पर बंधक बनाकर रेप करने का केस दर्ज कराया था। शबीह हैदर उर्फ मीनू का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद महिला और उसका पति उनसे फोन करके तीन लाख रुपये तथा एक प्लॉट की डिमांड कर रहे थे। डिमांड पूरी नहीं करने पर जेल भिजवाने की धमकी देते थे। मीनू ने गुरुवार को इसकी शिकायत एसपी अभिनंदन से की थी।
इसके बाद पूर्व निर्धारित योजना के तहत शुक्रवार सुबह उन्होंने महिला को पति सहित रुपये देने की बात कहकर अपने घर बुलाया। महिला पति के साथ मीनू के घर आ भी गई। मीनू ने उसे 50 हजार रुपये दिया। इसी बीच प्लॉनिंग के हिसाब से पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने रंगदारी की रकम लेते हुए दंपति को रंगेहाथ पकड़ लिया। दंपती से कोतवाली में पूछताछ की जा रही है। उनके पास वही नोट मिले हैं, जिनका नंबर मीनू ने एसपी को पहले से दे रखा था।
रंगदारी की रकम लेते हुए दंपति रंगेहाथ पकड़े गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। अफसरों के निर्देशानुसार रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों को जेल भेजा जाएगा।
मनीष कुमार पांडेय-इंस्पेक्टर, मंझनपुर।