रुसहाई घाट पर बवाल, मजदूरों और ठेकेदार में मारपीट
चायल। सरायअकिल के रुसहाई घाट पर शुक्रवार रात बवाल हो गया। घाट पर चल रही पोकलैंड मशीन के विरोध में एकजुट मजदूरों और ठेकेदार में मारपीट हो गई। मामले में सरायअकिल पुलिस ने चार मजदूरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद से घाट पर तनातनी है। शनिवार शाम तक मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद होता रहा। अनहोनी की आशंका पर घाट को पुलिस निगरानी में रखा गया है।
सरायअकिल के रुसहाई घाट पर बालू निकासी के लिए दो पट्टेधारकों को भूखंड आवंटित किया गया है। इलाके के मजदूरों का आरोप है कि पट्टेधारक बालू निकासी के लिए मजदूरों का उपयोग करने के बजाय पोकलैंड मशीन का इस्तेमाल कर रहें है। शुक्रवार को इसी बात को लेकर मजदूरों ने घाट पर मशीनों का संचालन रोक दिया। इससे बालू निकासी ठप हो गई। इसे लेकर पट्टेधारक और मजदूरों में विवाद बढ़ा तो दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची सरायअकिल पुलिस ने मामले में करीब छह मजदूरों को हिरासत में ले लिया। चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इससे भन्नाए मजदूरों ने मुकदमा वापसी की मांग को लेकर शनिवार दोपहर घाट पर प्रदर्शन किया। घाट पर बढ़ रही मजदूरों की सक्रियता से तनाव की स्थिति है।