लोंहदा गांव पहुंचे थानाध्यक्ष कड़ाधाम, बच्चों का लिया बयान
चर्चित किसान रामबाबू की मौत मामले में दो दरोगाओं के निलंबन व थानाध्यक्ष के लाइन हाजिर होने के बाद दुष्कर्म प्रकरण की फिर से जांच शुरू कर दी गई है। एसपी के निर्देश पर जांच कर रहे कड़ाधाम कोतवाल धीरेंद्र सिंह ने रविवार को लोंहदा गांव पहुंच पांच बच्चों का बयान दर्ज किया।
सैनी कोतवाली के लोंहदा गांव में रामबाबू तिवारी की चार जून को जहर खाने से मौत हो गई थी। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में रामबाबू ने बेटे सिद्धार्थ को दुष्कर्म के फर्जी आरोप में जेल भेजे जाने के पीछे ग्राम प्रधान भूप नारायण पाल व उसके सहयोगियों को दोषी ठहराया। बड़े बेटे अक्षय की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।
दुष्कर्म पीड़िता के पिता सहित दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि, प्रधान व उसके भाई सहित तीन लोग अभी भी फरार हैं। इसे लेकर परिजन व ग्रामीणों ने दूसरे दिन हाईवे पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। प्रदर्शन करने वाले सवर्ण आर्मी के जिलाध्यक्ष सहित 10 नामजद व 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
रामबाबू की पत्नी ने सीएम योगी से मांगा इंसाफ
सोशल मीडिया के जरिए मामला सुर्खियों में आया तो सियासत गरमा गई। मृतक की पत्नी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर इन्साफ मांगा। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रमुख सचिव गृह को जांच के निर्देश दिए। घटना को लेकर आए भूचाल के चलते एसपी राजेश कुमार ने शनिवार की देर रात थानाध्यक्ष सैनी बृजेश करवरिया को लाइन हाजिर करते हुए पथरावां चौकी इंचार्ज आलोक राय व विवेचक को निलंबित कर दिया। दुष्कर्म प्रकरण की जांच थानाध्यक्ष कड़ाधाम को सौंपी गई।
रविवार को थानाध्यक्ष घटना की जांच करने लोंहदा गांव पहुंचे। ग्रामीणों से पूछताछ किया तो पता चला कि 27 मई को मृतक रामबाबू के भाई अनिल तिवारी के यहां रामायण कार्यक्रम था। उसमें चार-पांच बच्चों के साथ आठ वर्षीय बालिका भी प्रसाद लेने पहुंची थी। इसके बाद थानाध्यक्ष ने उन चार-पांच बच्चों के घर पहुंचकर गोपनीय तरीके से बयान भी दर्ज किया।
रेल रोकने के लिए सैयद सरावां स्टेशन पहुंचे भाकियू कार्यकर्ता
लोहदा कांड को लेकर रेल रोको आंदोलन को लेकर सैयद सरावां रेलवे स्टेशन के समीप किसान यूनियन की भारी भीड़ जमा। मौके पर रेलवे पुलिस समेत जिले की पुलिस मौजूद। सैनी कोतवाली क्षेत्र के लोहदा कांड को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) ने सोमवार को रेल रोको आंदोलन की चेतावनी दे रखी थी। सोमवार 11 बजे से सैयद सरावां रेलवे स्टेशन के समीप किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा होने लगी थी।
एहतियातन रेलवे पुलिस, चायल और सिराथू सीओ पुलिस बल के साथ रेलवे लाइन के दोनो तरफ निगरानी में जुट गए। वहीं, रेलवे पुलिस स्टेशन के आस पास लाइन की सुरक्षा में लगी हुई है। भाकियू जिलाध्यक्ष चंदू तिवारी के अगुवाई में सैकड़ो किसान अपनी महापंचायत की बैठक में मौजूद। कार्यकर्ताओं ने बताया कि किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह जल्द ही पहुंचने वाले हैं, उनके आने के बाद प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।