कोखराज कोतवाली के मीरापुर गांव में शौच के लिए खेत की तरफ गए राजगीर की मौत हो गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि खेत में किसी जहरीले जंतु के डसने से उनकी जान गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पूछताछ की।
मीरापुर गांव निवासी 52 वर्षीय भुइयादीन राजगीर थे। बेटे गोलू ने बताया कि उसके पिता भुइयादीन सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे शौच के लिए खेत की तरफ गए थे। घंटों घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उन्हें खोजते हुए खेत की तरफ पहुंचे। वहां वह मरणासन्न पड़ थे। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक जहरीले जंतु के डसने से भुइयादीन की मौत हुई है। घर के मुखिया की मौत से पीड़ित परिजनों की रो-रोकर हालत खराब है।
-
गए थे इलाज कराने, ट्रेन के सामने कूदकर दी जान
कोखराज के रसूलपुर गिरसा गांव के समीप डीएफसी लाइन पर मंगलवार सुबह एक ग्रामीण ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। वह इलाज कराने अस्पताल जाने की बात कहकर घर से निकले थे। परिजनों के मुताबिक बीमारी से तंग आकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
करारी कोतवाली के तुर्तीपुर गांव निवासी राम स्वरूप (55) कई साल से दमा से पीड़ित थे। भतीजे मन्नीलाल ने बताया कि प्रयागराज के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। वह नियमित रूप से अपनी पत्नी के साथ दवा लेने जाते थे। मंगलवार सुबह भी वह चाय-नाश्ता करने के बाद अकेले दवा लेने की बात कहकर घर से निकले थे।
रास्ते में परसरा गांव के समीप डीएफसी लाइन उनका शव पड़ा होने की सूचना पुलिस ने घर वालों को दी। बताया कि उनकी जेब में मिले आधारकार्ड से मिली जानकारी के आधार पर सूचना दे रहे हैं। घबराए परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। घर वालों ने शव की शिनाख्त रामस्वरूप के रूप में की। बताया कि उनके चार बेटे और तीन बेटियां हैं। सभी की रो-रोकर हालत खराब है।
रेलवे ट्रैक पर मिला अधेड़ का शव, शिनाख्त नहीं
कल्यानपुर। कोखराज कोतवाली के विदनपुर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार सुबह 7 बजे एक 50 वर्षीय ग्रामीण का क्षत-विक्षत शव ट्रैक पर पड़ा मिला।सूचना के बाद आई पुलिस की तमाम कोशिश के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों के मुताबिक अधेड़ सुबह से ही स्टेशन के आसपास घूमता दिख रहा था। उसने ट्रेन के सामने कूदकर जान दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
-
कुत्ता को बचाने में बाइक सवार सिपाही जख्मी
मूरतगंज। पुलिस चौकी के पास मंगलवार सुबह कुत्ते को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर गिरे बाइक सवार सिपाही चंद्रभूषण सिंह निवासी घटाई, धाता,फतेहपुर जख्मी हो गए। वह ड्यूटी करने प्रयागराज से मंझनपुर कंट्रोल रूम जा रहे थे। इलाज के लिए उन्हें स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मीरापुर गाव में भुइयादीन की मौत पर गमजदा परिजन। संवाद