। मादक पदार्थों के तस्कर राजेश मिश्रा ने कई सालों तक राजकीय बालिका विद्यालय मानिकपुर में भौतिक विज्ञान शिक्षक के रूप में शिक्षण कार्य किया। दो बार गांजा बेचते पकड़े जाने पर उसे नौकरी से हटा दिया गया। इसके कुछ दिनों के बाद वह बड़े स्तर पर गांजा तस्करी करने लगा।
मानिकपुर के मुंदीपुर निवासी मादक पदार्थों के तस्कर व गैंगस्टर राजेश मिश्रा मौजूदा समय में जेल में निरुद्ध है। गत दिनों न्यायालय से स्वीकृत जमानत प्रार्थना पत्र के सत्यापन के दौरान राजेश मिश्रा की पत्नी व बेटे की ओर से पड़ोस के रहने वाले राजेंद्र मौर्य के फर्जी तरीके से अभिलेख लगाने का मामला सामने आया।
शनिवार को मानिकपुर पुलिस के साथ कुंडा सीओ अमरनाथ गुप्ता कार्रवाई करने राजेश के घर पहुंचे। वहां से दो करोड़ रुपये नकद व एक करोड़ से अधिक कीमत की स्मैक व गांजा बरामद हुआ था। पुलिस ने राजेश की पत्नी रीना मिश्रा, बेटे विनायक, बेटी कोमल व पट्टीदार पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
पुलिस अब उनके जमानतदारों संग करीबियों को चिह्नित कर कार्रवाई की तैयारी में है। सीसीटीवी फुटेज व काल डिटेल के जरिए पुलिस तस्कर के कई करीबियों को चिह्नित करने में कामयाब हो चुकी है।
मोहल्ले के लोगों के अनुसार करीब दो दशक पहले राजेश मानिकपुर राजकीय बालिका इंटर कालेज में भौतिक विज्ञान शिक्षक के रूप में सेवा देता रहा। इस बीच दो बार पुलिस उसे गांजा के साथ पकड़कर कार्रवाई की। इसके बाद उसे कॉलेज से निकाल दिया गया।
इधर, कार्रवाई के बीच ही तस्कर की मां रामप्यारी पैर में चोट लगने से बिस्तर पर है। वह कहती हैं कि पोते व पोती को पुलिस ने गलत फंसाया है। कुंडा सीओ अमरनाथ गुप्ता ने कहा कि तस्कर के करीबियों को चिह्नित किया जा रहा है। जल्द ही उन पर भी कार्रवाई होगी।