किसान रामबाबू की मौत के बाद चक बख्तियारा गांव में राजनीतिकों की आमद बनी हुई है। इसी सिलसिले में बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर जनसंवाद करेंगे और सरकार पर हमला बोलेंगे। कांग्रेसियों ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। कांग्रेस के इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट है। उसकी निगाह गांव पर ही टिकी है।
चक बख्तियारा के किसान रामबाबू ने बीते 13 जून की रात गांव के बाहर आम के बाग में फांसी लगाकर जान दे दी थी। किसान रामबाबू कर्जदार था। कई बैंकों से उसने लोन ले रखा था। कर्ज अदा न होने पर उसने आत्महत्या की थी। किसान रामबाबू की मौत के बाद से यह गांव सुर्खियों में बना है।
सपा युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव, सांसद कुंवर रेवती रमण सिंह पीड़ित परिजनों से मिल चुके हैं। इसके अलावा सपा पार्टी की ओर से पीड़ित परिवार को एक लाख रुपया भी दिया गया है। कांग्रेस भी इस गांव में लगातार अपनी मौजूदगी बनाए है। बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर चक बख्तियारा गांव में जनसंवाद करेंगे। वह किसान की मौत के मामले में प्रदेश सरकार को घेरेंगे, साथ ही बीजेपी की नाकामियाें को गिनाएंगे।
किसानों पर हो रहे अत्याचारों का मामला जनसंवाद कार्यक्रम में पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा। कांग्रेसियों ने कार्यक्रम की पूरी तैयारी कर ली है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष तलत अजीम के नेतृत्व में कांग्रेसी मंगलवार को सुबह से शाम तक गांव में बने रहे और कार्यक्रम की तैयारियां कराते रहे।