सुजातपुर, कनवार और सैयदसरावां में भी बनेगा रेलवे ओवरब्रिज
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने सेतु निगम को प्रोजेक्ट तैयार करने का निर्देश दिया
संवाद न्सूज एजेंसी
सिराथू। जिले को तीन और ओवर ब्रिज की सौगात मिल सकती है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने सेतु निगम को सिराथू क्षेत्र के सुुजातपुर, कनवार और सैयदसरावां में ओवर ब्रिज बनाए जाने के लिए प्रोजेक्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। इस पर सेतु निगम तैयारी शुरू कर दी है।
दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलमार्ग पर बसे सिराथू क्षेत्र के सुजातपुर और कनवार में रेलवे फाटक बंद रहने से जाम की समस्या बनी रहती है। यही समस्या चायल क्षेत्र के सैयदसरांवा रेलवे फाटक की है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने सेतु निगम से तीनों जगहों पर ओवरब्रिज का निर्माण कराने का निर्देश दिया है। इस पर सेतु निगम के जिम्मेदार सक्रिय हो गए। सेतु निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने दो दिन पहले तीनों जगहों का मुआयना किया। सेतु निगम अब तीनों प्रस्तावित ओवरब्रिज का सर्वे कराने के साथ इस्टीमेट तैयार करने में जुट गया है। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह तक सुजातपुर में प्रस्तावित ओवर ब्रिज का इस्टीमेट तैयार कर शासन को भेज दिया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र सिराथू में दो और ओवरब्रिज बनाए जाने की कवायद की खबर से क्षेत्र के नागरिकों में खुशी है। नागरिकों का कहना है कि डिप्टी सीएम अपने गृह क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित होकर काम कर रहे हैं। अब तक किसी भी शासनकाल में यहां का इतना विकास नहीं हुआ था। क्षेत्रीय भाजपा विधायक शीतला प्रसाद पटेल ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या की पहल का स्वागत किया है। विधायक का कहना है कि डिप्टी सीएम दिल खोलकर क्षेत्र के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं।
-----------
इनका कहना है
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सुजातपुर, कनवार और सैयदसरावां में ओवर ब्रिज बनाए जाने का निर्देश दिया है। इसके लिए इस्टीमेट बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह तक स्वीकृति के लिए शासन को भेज दिया जाएगा।-अजीत कुमार कुशवाहा, अवर अभियंता-सेतु निगम