भरवारी कस्बे में स्थित दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक का टूटा बूम जाम में फंसे राह
- फोटो : जागरूक पाठक
अप्पे व निजी चार पहिया वाहन की टक्कर से शनिवार शाम रेलवे क्राॅसिंग का बूम (फाटक) टूट गया। इस दौरान क्राॅसिंग पर जाम लग गया। नतीजतन, मुसाफिरों को घंटों परेशान होना पड़ा।
शनिवार को साप्ताहिक बाजार व रक्षाबंधन पर्व होने के भरवारी कस्बे में दिन भर भीड़ रही। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग होने के चलते यहां से होकर बड़ी संख्या में ट्रेनों का भी आवागमन होता है। इस कारण अक्सर रेलवे क्राॅसिंग बंद रहती है। शनिवार शाम 4:20 बजे ट्रेन आने की सूचना पर गेटमैन क्राॅसिंग का बूम गिरा रहा था। इसी दौरान एक अप्पे व निजी चार पहिया वाहन चालक बूम को टक्कर मारते हुए क्राॅसिंग पार कर गया। टक्कर लगने से बूम टूट गया। सूचना के बाद आए स्टेशन अधीक्षक डीएन यादव व आरपीएफ चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा ने दोनों तरफ राहगीरों को रुकवा कर मरम्मत कार्य शुरू कराया। करीब सवा घंटे बाद 5:45 बजे क्रॉसिंग का फाटक ठीक कर यातायात बहाल कराया गया। इस बीच मेहता रोड, मंझनपुर रोड, पुरानी बाजार, चाकवन व कोखराज मार्ग पर करीब आधा किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। आवागमन सुचारू कराने में पुलिस को करीब डेढ़ घंटे लगे।