फरार शातिर रामदास ने जिले के एक व्यक्ति की हत्या की सुपारी ले ली है। रामदास ने चार अक्टूबर को पेशी पर आए सुपारी किलर इकरार को अपने साथियों की मदद से भगा दिया था। खुफिया तंत्र के इस खुलासे से मच गई है। अफसरों के निर्देश पर पुलिस ने रामदास व इकरार की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश देनी शुरू कर दी है।
सरायअकिल के कोटिया गांव का शातिर बदमाश रामदास पाल 13 जुलाई को सैनी कोतवाली के समीप से भाग निकला थ। फतेहपुर जिला कारागार से उसे जिला कचहरी में पेशी पर लाया जा रहा था। रामदास के भागने के बाद पुलिस ने उस पर पांच हजार का इनाम घोषित कर दिया था। रामदास के बाद पेशी से शातिर अपराधी अतीक चंदन भाग निकला था। अतीक चंदन को पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया है। चार अक्टूबर को पेशी के दौरान न्यायालय के बाहर से पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के उजैहिनी खालसा गांव का इकरार भाग निकला था। वह एक साथी की बाइक पर बैठकर भागा था। इकरार के भागने में एसपी वीके मिश्र ने पुलिस की सभी टीमों को सक्रिय कर दिया था। पुलिस अधिकारियों को पता चला कि फरार रामदास ने जिले एक व्यक्ति की हत्या की सुपारी ली है। घटना को अंजाम दिलाने के लिए ही उसने इकरार को पेशी के दौरान अपने साथियों की मदद से भगाया है। इसका पता चलते ही जिले की पुलिस ने रामदास व इकरार की तलाश में दबिश दी जा रही है।