मंझनपुर।
दोआबा की सूखी नहरों को लेकर शुक्रवार को समर्थ किसान पार्टी कार्यकर्ताओं
का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रभारी डीएम को सौंपकर नहरों में
पानी छोड़ने की मांग की। मांगे पूरी नहीं होने पर साकिपा ने बेमियादी
आंदोलन की चेतावनी दी है।
जिले की तकरीबन सभी नहरों में पानी की जगह
धूल उड़ रही है। इसकी वजह से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा
है। खरीफ के बाद अब उनकी जायद की फसलों पर भी सिंचाई के अभाव में संकट के
बादल मंडरा रहे हैं। इसको लेकर अन्नदाता खासे चिंतित हैं। उधर, कई बार
शिकायत करने के बाद भी अधिकारी नहरों की ओर ध्यान देने को तैयार नहीं हैं।
किसानों की इस गंभीर समस्या को लेकर शुक्रवार को समर्थ किसान पार्टी के
कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क उठा। नाराज कार्यकर्ताओं ने पार्टी अगुवा अजय
सोनी की अगुवाई में कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
इस दौरान नहर विभाग के
खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन
प्रभारी डीएम को सौंपा। पार्टी प्रमुख अजय सोनी ने बताया कि ज्ञापन में
रामगंगा माइनर, करारी माइनर और सोनारी माइनर में तत्काल टेल तक पानी छोड़े
जाने, नहरों की सिल्ट सफाई, खुदाई में की गई घपलेबाजी की जांच कर कार्रवाई
करने और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
इस मौके पर राकेश सिंह, हरिओम, कमलेश, सत्येंद्र, फूलचंद्र, मोहम्मद चांद
आदि मौजूद रहे।