मंझनपुर। पीडब्ल्यूडी गेस्टहाउस मंझनपुर में सोमवार को कौशाम्बी सांसद ने बैठक करके आमजन की समस्याएं सुनी। इस दौरान जिलेभर से कुल 46 लोग अपनी समस्याएं लेकर सांसद के पास आए थे। इनमें से ज्यादातर शिकायतें पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने की थी। सांसद ने लोगों की शिकायतों के संबंध में संबंधित विभाग के अफसरों से बात की। साथ ही इन शिकायतों का समय से निस्तारण को कहा। जनसमस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी भी दी।
कौशाम्बी सांसद विनोद सोनकर ने सोमवार को मंझनपुर में आमजन के साथ बैठक करके उनकी समस्याएं सुनी। सांसद ने बताया कि इस दौरान अढ़ौली गांव के शेष नारायण मिश्र ने महेवाघाट पुलिस पर फर्जी मुकदमे फंसाने की शिकायत की। वहीं बरीपुर के विजय तिवारी ने इलाकाई पुलिस पर मनमानी का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि उनकी शिकायत इलाकाई पुलिस नहीं सुनती है।
जबकि आरोपी पर पुलिस मेहरबान है। इससे गांव में दहशत बनी हुई है। नेवारी गांव के बदलू सरोज ने पुलिस द्वारा अनावश्यक परेशान करने का आरोप लगाया। इसी तरह से रामपुर सुहेला गांव के रामलौटन मौर्य ने विद्युत विभाग के अफसरों पर फर्जी कार्रवाई करके परेशान करने की शिकायत सांसद से की। सौरई बुजुर्ग गांव के लल्लन सोनकर ने जमीन पर कब्जे की शिकायत की है। सांसद ने शिकायतीपत्रों को संबंधित अफसरों के पास निस्तारण के लिए भेज दिया है। साथ ही फोन करके भी विभागाध्यक्षों से इन समस्याओं को समय से निस्तारित करने को कहा। चेताया कि समस्याओं के निस्तारण में मनमानी किए जाने पर उच्चाधिकारियों से मिलकर शिकायत की जाएगी। साथ ही शासन को भी अवगत कराने की चेतावनी दी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष संतोष सिंह पटेल, जनार्दन मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद पांडेय, अजय त्रिपाठी, उदयन सिंह, दुर्गेश गुप्ता, प्रेमचंद्र चौधरी, संतोष सोनकर, पुष्पा देवी आदि मौजूद रहे।