करारी में दुकानों में बेचने के लिए रखी दालें-संवाद
खाड़ी देशों में जारी संघर्ष और युद्ध के कारण आपूर्ति श्रृंखला बाधित होने से दालों की कीमतों में प्रति किलो 10 से 25 रुपये तक की वृद्धि हुई है। युद्ध से समुद्री रास्ते असुरक्षित होने के कारण शिपिंग लागत बढ़ गई है। जिससे दालों के अलावा अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर असर पड़ा है।
खाड़ी देशों में हो रहे युद्ध से रसोई गैस के साथ अब खाद्य पदार्थों के दाम तेजी से बढ़ने लगे हैं। बाजार के रुख से व्यापारी के साथ ग्राहक भी काफी परेशान हो रहे हैं। किराना व्यापारी दीपू लाल ने बताया कि होली पर 100 रुपये किलो बिकने वाली अरहर की दाल 120 रुपये प्रति किलो बिक रही है। उर्द की दाल में भी 20 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। 110 रुपये प्रति किलो बिकने वाली उर्द की दाल 130 रुपये प्रति किलो बिक रही है। दुकानदार जीतेन्द्र अग्रहरी ने बताया कि यदि यही हालात रहे तो अभी दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है। करारी की गृहिणी सविता जायसवाल ने बताया कि गैस का दाम पहले से ही बढ़ा हुआ है। अब दालों के भी दाम बढ़ने से घर का बजट बिगड़ गया है।
दालों की कीमत
दाल पहले अब
अरहर 100 120
उर्द 110 130
मूंग छिलका 95 105
मूंग धुली 100 110
चना की दाल 80 90