छेड़खानी के विरोध करने पर मनचलों ने मां-बेटी को पीटा
शनिवार शाम सरायअकिल इलाके में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सरायअकिल। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार शाम मवेशियों को चारा देने गई एक युवती के साथ शोहदों ने छेड़खानी की। युवती के शोर मचाने पर मां मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने मां-बेटी की पिटाई कर दी। मोहल्ले के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। तहरीर पुलिस को दी गई है।
क्षेत्र के एक गांव की एक युवती शनिवार शाम पशुबाड़े में मवेशियों को चारा देने गई थी। आरोप है कि इस दौरान गांव के दो युवकों ने उसे दबोच लिया और छेड़खानी करने लगे। युवती के विरोध करने पर उसे पीटा गया। इस बीच युवती के शोर मचाने पर उसकी मां पशुबाड़ा पहुंची तो उसे भी पीटा गया। मां-बेटी के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग बचाने के लिए दौड़े। इस पर आरोपी पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। रविवार को नामजद तहरीर पुलिस को दी गई। आरोप है कि पुलिस ने मामले में सुलह कर लेने का दबाव बनाया। सुलह से इंकार करने पर पुलिस ने तहरीर से छेड़खानी की बात हटाने का कहा। पुलिस के इस रवैये से पीड़ित परिवार सहमा हुआ है। थानाध्यक्ष विजय विक्रम सिंह का कहना है आरोपों की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।