चायल तहसील के सराबाकाजी गांव के लोगों ने प्रधान के खिलाफ मनरेगा के तहत कराए गए काम का पैसा नहीं देने का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। मंगलवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की। डीएम ने ग्रामीणों को जांच करवा कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
चायल तहसील क्षेत्र के सराबाकाजी गांव की मुर्दी देवी, नत्थी देवी, फूलकली, लक्ष्मी देवी, रमनी देवी, गुड्डी देवी, चंदा देवी, शांती देवी, किरन देवी, कुसुम देवी, जीवन लाल, पूरन लाल, सत्य नारायण आदि का कहना है कि प्रधान द्वारा गांव में मनरेगा के तहत सितम्बर माह 2015 में तालाब की खोदाई कराई गई थी। जिसका पैसा ग्रामीणों को अभी तक नहीं मिला है।
आरोप है कि पैसा मांगने पर पंचायत मित्र और ग्राम प्रधान पैसा देने से इंकार कर रहे हैं। कुछ लोगों से तो आधा कमीशन लेकर पैसा देने को कह रहे है। ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर प्रधान अपशब्द बोलकर भगा देता है। इसी बातों से गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार को शिकायत जिलाधिकारी से करते हुए ग्राम प्रधान व पंचायत मित्र के कारनामों की जांच कराकर कार्रवाई कराए जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को जांच करवाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।