मंझनपुर। सदर कोतवाली के बंबुरा में प्रॉपर्टी डीलर ने घर में तेल छिड़ककर आग लगाकर खुदकुशी कर ली। घर में खड़ी एक कार, बुलेट(मोटरसाइकिल) और स्कूटी भी जल गई है। घटना घर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पइंसा कोतवाली इलाके के मोंगरी कड़ा निवासी शिव प्रसाद मिश्र उर्फ सीओ मिश्रा (55) प्रॉपर्टी डीलर थे। वह मंझनपुर के बंबुरा में तीन मंजिला घर बनाकर रहते थे। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शिव प्रसाद के घर से आग की लपटें और धुआं निकलता देख पड़ोसी सहम गए। पड़ोसियों की सूचना पर सीओ सिटी अभिषेक सिंह, इंस्पेक्टर संतोष शर्मा, नायब तहसीलदार मंझनपुर अग्निशमन दल, फाॅरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के बाद पुलिस कमरे में पहुंची तो शिव प्रसाद मृत पड़े थे। कमरे के खड़ी कार, बुलेट और स्कूटी भी जलकर राख हो चुकी थी।
घटना की जानकारी के बाद पीड़ित परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। शिव प्रसाद के घर में सीसीटीवी कैमरा लगा है। सीओ सिटी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखने से पता चला कि शिव प्रसाद खुद ही घर में तेल छिड़क रहे थे। इसके बाद कमरे में जाकर उन्होंने आग लगा ली। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
प्रॉपर्टी के बिजनेस में खूब कमाया था नाम
मंझनपुर। शिव प्रसाद मिश्रा ने करीब दस साल पहले मुख्यालय में प्रॉपर्टी के कारोबार में हाथ आजमाया। बिजनेस जमा तो वह तीन मंजिल का घर बनाकर रहने लगे थे। शिव प्रसाद के दो बेटे अंकित व आशीष हैं। आशीष जिला कचहरी में अधिवक्ता हैं। आशीष ने बताया कि पिता ब्लड प्रेशर के मरीज थे। थोड़ी-थोड़ी बात पर वह गुस्सा करने लगते थे। परिजनों ने बताया कि शिव प्रसाद मिश्रा ने धनतेरस पर ही नई कार खरीदी थी, जो आग की भेंट चढ़ गई। शिव प्रसाद मिश्र के तीन मंजिला घर में किरायेदार भी रहते हैं। लेकिन जिस वक्त घटना हुई तो वहां कोई नहीं था।
शिव प्रसाद ने खुदकुशी की है। घटना सीसीटीवी में कैद है। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं।
अभिषेक सिंह, सीओ सिटी