गैरहाजिर भूमि संरक्षण अधिकारी के वेतन रोकने का निर्देश, जवाब-तलब
डीएम ने जल संचयन एवं संरक्षण अभियान की बैठक कर किया समीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने गुरुवार को कलक्ट्रेट में जल संचयन एवं जल संरक्षण अभियान की समीक्षा के लिए बैठक किया। बैठक में अनुपस्थित रहने एवं कार्य में लापरवाही बरतने पर भूमि संरक्षण अधिकारी श्रवण कुमार का एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने जल संचयन एवं संरक्षण के साथ-साथ भूजल संरक्षण एवं भूजल के स्तर को बढ़ाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिया। लघु सिंचाई विभाग के एक्सईएन ने बताया कि भूजल स्तर को बढ़ाने एवं जल संचयन और संरक्षण के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार कर ली गई है। गांवों में तालाबों के साथ-साथ ससुर खदेरी नदी में चेकडैम बनाने की योजना है। इसके अलावा जो भी चेकडैम पहले से बने हैँ उनकी भी मरम्मत कराने का काम शुरू कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं परियोजना निदेशक को अभियान चलाकर पुराने तालाबों की मरम्मत एवं गहरा कराये जाने के लिए कहा। साथ ही साथ नए तालाबों की भी खुदाई कराने का निर्देश दिया। उन्होनें स्वच्छाग्रहियों को साफ सफाई एवं शौचालय के उपयोग की जागरूकता के साथ साथ जल संचयन एवं संरक्षण हेतु भी लोगो को जागरूक कराने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया। बैठक मेंसीडीओ इंद्रसेन सिंह,डीपीआरओ गोपाल जी ओझा, प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अरविन्द पटेल, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, तथा सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों के अलावा अन्य सम्बन्धित विभागें के अधिकारी उपस्थित रहे।