भरवारी कस्बा रविवार को भगवा मय हो गया। जय श्रीराम के जयकारे से गूंज उठा। धर्मरक्षा निधि अर्पण समारोह में तमाम लोग जुट। समारोह में धर्मांतरण और लव जेहाद का मुद्दा छाया रहा। विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में हिंदू समाज को एकजुट करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती का स्वागत किया गया।
रविवार को भरवारी के एक गेस्ट हाउस में धर्म रक्षा निधि अर्पण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें विहिप ने धर्मांतरण और लव जेहाद का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। सत्संग प्रमुख मोहन लाल ने कहा कि ईसाई मिशनरीज जिले में हिंदुओं का धर्मांतरण करा रही हैं। इसका विरोध किया जा रहा है। प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। विहिप जिलाध्यक्ष अल्पनारायण मिश्र ने कहा कि संगठन लगातार हिंदुओं को एकजुट करने का काम कर रहा है। विहिप के जिला मंत्री प्रदीप मिश्र ने कहा कि लव जेहाद चलाकर हिंदू लड़कियों को बरगलाया जा रहा है। मामलों को पुलिस गंभीरता से नहीं ले रही है। धर्म निधि रक्षा जिला प्रमुख संतोष तिवारी ने कहा कि धर्म की रक्षा के लिए हिंदू समाज को आगे आना चाहिए। प्रांत गो रक्षा प्रमुख भक्ति नारायण उपाध्याय ने गौ रक्षा का संकल्प दिलाया। स्वामी वासुदेवानंद ने कहा कि हिंदुओं के सामने धर्म की रक्षा की चुनौती है। हिंदू कभी कमजोर नहीं रहा। कमजोर करने की साजिश की जा रही है। इस साजिश में तमाम ऐसे लोग भी हैं जो हिंदू समाज के ही हैं।
वहीं दूसरी तरफ मूरतगंज मेला बाग के पास स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती का बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया गया। अखिलेश बजरंगी और अभय द्विवेदी के नेतृत्व में जुलूस लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अगवानी की। भाजपा नेता घनश्यामदास केसरवानी, संजय गुप्ता, प्रतिभा कुशवाहा, दुर्गा वाहिनी की सुषमा सोनकर, बलवीर सिंह चौहान, विहिप के मुकेश आदि ने स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन के बाद स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती धर्म निधि रक्षा प्रमुख संतोष तिवारी के आवास गए। संतोष तिवारी ने चांदी का सिंहासन, बद्री नारायण और लक्ष्मी नारायण की चांदी की मूर्ति भेंट की।