हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 87 फीसदी से अधिक अंक हासिल करने वाले करीब 194 मेधावियों को मंगलवार को लैपटॉप मिला। कलेक्ट्रेट में वितरण कार्यक्रम में लैपटॉप पाने वाले छात्र-छात्राएं खिलखिला उठे। प्रदेश सरकार ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण विद्यार्थियों को लैपटाप बांटने की योजना लागू की।
पिछले साल हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा 87 फीसदी से अधिक अंकों के साथ उत्तीर्ण करने वाले जनपद के मेधावियों का चयन लैपटाप के लिए किया गया है। मेधावियों को लैपटाप देने के लिए मंगलवार को कलक्ट्रेट में कार्यक्रम हुआ। दो दिनी इस आयोजन के पहले दिन 194 छात्र-छात्राओं को लैपटाप दिया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इसमें हाईस्कूल के तकरीबन 127 और इंटरमीडिएट के 67 छात्र-छात्राएं शामिल रहीं। लैपटॉप हाथों में आते ही छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे। डीआईओएस ने बताया कि लैपटॉप वितरण बुधवार को भी किया जाएगा। दो दिन के वितरण के बाद बचे छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देने के लिए अगली तिथि बाद में निर्धारित की जाएगी।