जिला विज्ञान क्लब की ओर से बुधवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय कसिया में विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम हुआ। विशेषज्ञों ने बच्चों को स्वस्थ रहने के टिप्स दिए। वहीं बच्चों के बीच पर्यावरण संरक्षण विषय पर पोस्टर और भाषण प्रतियोगिता भी हुई।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के निर्देश पर जिला विज्ञान क्लब ने बुधवार को सिराथू ब्लाक के पूर्व माध्यमिक स्कूल कसिया में विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें डॉ एसके सिंह ने बच्चों को संतुलित भोजन करने की सलाह दी। कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन की कुंजी है। उन्होंने बच्चों को घर, स्कूल परिसर को साफ-सुथरा रखने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में पर्यावरण विषय पर पोस्टर और भाषण प्रतियोगिता हुई।
भाषण प्रतियोगिता में कसिया स्कूल के रचित साहू प्रथम, हिमांशु जायसवाल द्वितीय, राजकीय हाईस्कूल कसिया की छात्रा अनुष्का पांडेय तृतीय रहीं। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में केपीएस कसिया की मनाली साहू प्रथम, अर्पित साहू द्वितीय, एवीआर स्कूल कसिया केआयुष जायसवाल तृतीय रहे। विजेता बच्चों को विज्ञान क्लब की ओर से पुरस्कार भी दिया गया। इस मौके पर बीएसए अशोक कुमार सिंह यादव, विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक वसीम अहमद, अनीता नाइक, पुष्पा सिंह, रेखा श्रीवास्तव, मयूरी, निधि सेन, अनीता पांडेय, अनुपमा आर्या, ज्योति राज आदि मौजूद रहीं।